अररिया
सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आज समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी (DM) श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों की समस्याओं की गंभीरता से सुनवाई की गई। कुल 57 मामलों पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।
प्रमुख बिंदु:
सर्वाधिक शिकायतें: जनता दरबार में सबसे अधिक मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े रहे। इसके अलावा समाज कल्याण, गृह, ग्रामीण कार्य, ग्रामीण विकास, आपूर्ति और शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
प्रमुख आवेदन:
रानीगंज के अजहर अंसारी ने बासगीत पर्चा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा शुभम कुमार मेहता ने मुख्य सड़क की मरम्मत की मांग की।
नरपतगंज के मो. ऐनुल ने अवैध भूमि कब्जे और नेघु राम ने भूमि मापी से संबंधित आवेदन दिया।
भरगामा के कामेश्वर यादव ने पंचायत सचिव के सेवार्थ लाभ भुगतान तथा रानीगंज की पिंकी देवी ने अनुकंपा आधारित डीलर चयन की जांच का अनुरोध किया।
अररिया नगर परिषद के जीवछलाल व छवेलाल बहादुर ने माता विषहरी स्थान के सौंदर्यीकरण तथा जोकीहाट के अजीम उद्दीन ने छात्र नामांकन से जुड़ी शिकायत रखी।
जिलाधिकारी श्री विनोद दूहन ने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का निवारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






















