अररिया।
नवनिर्वाचित एमएलसी अनिल कुमार ठाकुर ने विश्व प्रसिद्ध मां खड्गेश्वरी महाकाली मंदिर पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की तथा बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। इस अवसर पर उनके साथ परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
मंदिर पहुंचने पर एमएलसी ने मां खड्गेश्वरी महाकाली एवं बाबा खड्गेश्वरनाथ महादेव के समक्ष श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की और पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
मंदिर के पंडित उमेश झा ने एमएलसी अनिल कुमार ठाकुर एवं उनके परिवार को चुनरी भेंट कर आशीर्वाद दिया। इसके बाद एमएलसी ने नानु बाबा से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
नानु बाबा ने अपने आवास पर एमएलसी को चुनरी, माला, मां खड्गेश्वरी महाकाली की तस्वीर तथा लेखक हेमंत कुमार हीरा द्वारा लिखित मां खड्गेश्वरी महाकाली पर आधारित पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर एमएलसी अनिल कुमार ठाकुर ने कहा कि आज उन्हें जो भी सफलता और सम्मान मिला है, वह मां खड्गेश्वरी महाकाली और नानु बाबा के आशीर्वाद का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन जनसेवा और ईश्वर भक्ति को समर्पित है तथा वे हमेशा लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।
एमएलसी के मंदिर आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल देखा गया। उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित लोगों से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।





















