कटिहार/अररिया:
कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर-जिला स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनमें अररिया के पूर्व भाजपा सांसद एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय रामजी दास ऋषि के पुत्र सुनील कुमार भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, निसुंदरा पुल के समीप चेकिंग के दौरान बिना नंबर की स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो युवकों को रोका गया। भागने की कोशिश के बाद दोनों को पकड़ लिया गया। तलाशी में सुनील कुमार के पास से 102.79 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार सुनील कुमार वर्तमान में फारबिसगंज प्रखंड की एक पंचायत में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत है। वहीं दूसरा आरोपी खुशीलाल मंडल (पूर्णिया) है, जो पहले भी स्मैक तस्करी और शराब कारोबार के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन और बाइक जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव सहित पुलिस टीम और बीडीओ सन्नी सौरभ की अहम भूमिका रही।





















