अररिया। अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने गुरुवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर सीमांचल क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में अररिया सहित पूरे सीमांचल में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, खेल, शहरी एवं औद्योगिक विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति और नई योजनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
सांसद ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने, आधारभूत संरचना को मजबूत करने तथा संतुलित विकास के लिए विशेष पहल करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सीमांचल बिहार का महत्वपूर्ण क्षेत्र है और यहां की विकासात्मक जरूरतों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सांसद द्वारा उठाए गए जनहित एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार सीमांचल के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से क्षेत्र को नई दिशा दी जाएगी।
मुलाकात के बाद सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को लगातार सरकार के समक्ष उठाते रहेंगे तथा अररिया और सीमांचल के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत रहेंगे।





















