अररिया।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) के अवसर पर बुधवार को अररिया स्थित कांग्रेस कार्यालय गांधी आश्रम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मासूम रेज़ा ने की।

सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मासूम रेज़ा ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच, तकनीकी क्रांति और युवाओं की नई ऊर्जा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने का विज़न दिया। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाने तथा सूचना एवं कंप्यूटर क्रांति की शुरुआत को उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश की एकता, लोकतंत्र और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा, जिससे आज भी करोड़ों लोग प्रेरणा लेते हैं।
वहीं अररिया विधायक आबिदुर रहमान ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। उनका सपना आत्मनिर्भर और मजबूत भारत का निर्माण था। उन्होंने हमेशा भाईचारे, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया। देश उनके योगदान और बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।
इस अवसर पर बिहार कांग्रेस द्वारा नियुक्त जिला पर्यवेक्षक नैयर मसूद, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आफताब उर रहमान, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष गुलशन आरा, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव अफसाना हसन, इकबाल अहमद, अशरफ पिंटू, मो. कलाम, मो. सलाम, प्रखंड अध्यक्ष अलीमुद्दीन, मौलाना आफाक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय राजीव गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।






















