अररिया, 23 मई।
जिले के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में शिक्षा विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को +2 बालिका उच्च विद्यालय, अररिया परिसर में “निःशुल्क ऑनलाइन क्लासेस 2026” कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अररिया सांसद ने फीता काटकर किया।

इस पहल का उद्देश्य ऐसे छात्र-छात्राओं तक बेहतर शिक्षा पहुंचाना है, जहां विषय-विशेष शिक्षकों की कमी है या जो किसी कारणवश नियमित रूप से विद्यालय नहीं जा पाते हैं। ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था के माध्यम से विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार चैप्टर-वाइज लेक्चर, अध्ययन सामग्री और नोट्स उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिक्षा विभाग के अनुसार आगामी एक वर्ष के भीतर कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के सभी विषयों की ऑनलाइन क्लासेस तैयार कर डिजिटल माध्यम से छात्रों तक पहुंचाई जाएंगी। सभी वीडियो “Education Araria” यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए जाएंगे। साथ ही संबंधित अध्याय के नोट्स और स्टडी मटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) राशीद नवाज, विद्यालय के प्रधानाध्यापक योगेश झा सहित कई शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में निरंजन कुमार, विवेक कुमार, दानिश राजा, दारिश राजा, साएम कैसर, सोफिया शहबाज, नरसिंह नाथ मंडल एवं नूर अफशां सहित कई शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।
जिला शिक्षा विभाग ने विश्वास जताया कि “निःशुल्क ऑनलाइन क्लासेस 2026” आर्थिक रूप से कमजोर और शैक्षणिक संसाधनों से वंचित हजारों विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।






















