गोढ़ी चौक तक डिवाइडर पर हुआ वृक्षारोपण, जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने लिया संरक्षण का संकल्प
अररिया, प्रतिनिधि। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण और हरित शहर के निर्माण के उद्देश्य से अररिया नगर परिषद द्वारा शुक्रवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद कार्यालय परिसर में हुआ, जहां कार्यपालक पदाधिकारी चंद्र राज प्रकाश, मुख्य पार्षद विजय मिश्रा, उप मुख्य पार्षद गौतम साह सहित वार्ड पार्षदों और कर्मचारियों ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद नगर परिषद कार्यालय से गोरी चौक तक सड़क के डिवाइडर पर सैकड़ों पौधे लगाए गए।
अभियान में वार्ड पार्षद श्याम मंडल, मंगल यादव , वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अविनाश आनंद , सोपू दास, सुधीर यादव सहित नगर परिषद के सभी वार्ड पार्षदों एवं कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया, ताकि भविष्य में ये पौधे बड़े वृक्ष बनकर शहर को हरियाली और स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें।
कार्यपालक पदाधिकारी चंद्र राज प्रकाश ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।
मुख्य पार्षद विजय मिश्रा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
नगर परिषद की इस पहल से शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को भी बल मिलेगा। अभियान के तहत लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में अररिया को अधिक हरा-भरा, स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।





















