अररिया, 5 जून।
पलासी थाना क्षेत्र में बांस की झाड़ी से बरामद महिला के शव मामले का पुलिस ने महज एक दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना के बाद से गायब चार वर्षीय पुत्र को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 4 जून की सुबह कनखुदिया चौक से गंगझाली जाने वाली सड़क पर सुरकिया धार के पास बांस की झाड़ी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव पर कई जगह चोट के निशान पाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पलासी थाना पुलिस ने जांच शुरू की और सोशल मीडिया व स्थानीय लोगों की मदद से मृतका की पहचान पनडुब्बी मजलिसपुर निवासी नविता देवी (32 वर्ष) के रूप में हुई।
जांच के दौरान पता चला कि नविता देवी का अपने पति गौरव कुमार विश्वास के साथ पिछले कई वर्षों से वैवाहिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार 3 जून की शाम करीब 5:30 बजे गौरव अपनी पत्नी और चार वर्षीय पुत्र आयन कुमार को मोटरसाइकिल से कालीयागंज बाजार ले गया था। रात करीब 9 बजे लौटने के दौरान उसने पत्नी की हत्या कर शव को सुरकिया धार के पास बांस की झाड़ी में फेंक दिया और फरार हो गया।
मामले में पलासी थाना कांड संख्या 240/26 दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति गौरव कुमार विश्वास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
साथ ही पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गायब चार वर्षीय पुत्र आयन कुमार को सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।






















