फारबिसगंज (अररिया)।
फारबिसगंज पुलिस ने मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने रेड लाइट एरिया में अचानक छापेमारी कर दो नाबालिग लड़कियों को इस दलदल से सुरक्षित बाहर निकाला है। इसके साथ ही, इस अवैध धंधे को संचालित करने के आरोप में एक महिला को हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशासन को इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और बाहर से लड़कियों को लाकर जबरन देह व्यापार में धकेलने की लगातार इनपुट मिल रही थी। इसी कड़ी में रूटीन जांच और पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई के लिए एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने जब चिह्नित ठिकाने पर दबिश दी, तो वहां हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान मौके से कुल तीन महिलाओं को निकाला गया, जिनमें से दो लड़कियां नाबालिग हैं।
पूरे रैकेट को खंगालने में जुटी पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजकिशोर कुमार ने बताया कि पुलिस अपराधियों और अनैतिक गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। जैसे ही पुख्ता जानकारी मिली, बिना वक्त गंवाए टीम ने छापेमारी की और लड़कियों को रेस्क्यू किया।
वहीं, फारबिसगंज थाना प्रभारी मनोज कुमार ने जानकारी दी कि हिरासत में ली गई महिला से गुप्त स्थान पर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा, “यह एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि इस धंधे के पीछे और कौन-कौन से मुख्य सरगना शामिल हैं और लड़कियों को कहां से लाया जा रहा था।”
इलाके में मचा हड़कंप
पुलिस द्वारा रेस्क्यू की गई दोनों नाबालिग लड़कियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और मेडिकल जांच के बाद सुरक्षित संरक्षण (चाइल्ड शेल्टर होम) में भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस की इस अचानक और कड़ी कार्रवाई के बाद से पूरे रेड लाइट एरिया और संदिग्ध धंधेबाजों के बीच हड़कंप का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।





















