अररिया
अररिया जिले में अवैध शराब के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से 30 लीटर चुलाई शराब बरामद की। इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। कार्रवाई जिला पदाधिकारी अररिया के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पहली कार्रवाई जोगबनी चेकपोस्ट पर हुई, जहां वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल की डिक्की से 10 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। मौके से अरविन्द दास और संजय दास को गिरफ्तार किया गया। दोनों बथनाहा थाना क्षेत्र के ततमा टोला वार्ड संख्या 25 के निवासी बताए गए हैं।
वहीं दूसरी कार्रवाई रानीगंज थाना क्षेत्र के आजाद चौक खरहट के पास की गई। वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर लदे बोरे से 20 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई। इस मामले में नन्दलाल विश्वास और निक्कू ऋषिदेव को गिरफ्तार किया गया।
दोनों मामलों में बरामद शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। उत्पाद विभाग ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।






















