अररिया।
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, अररिया में सोमवार को प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार मासिक जिला बैठक का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की सफलता को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी विजय शंकर चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने का लक्ष्य
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी विजय शंकर चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और हमारी असली ताकत हमारे बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों से आम जनता को अवगत कराएं।

‘मन की बात’ को बनाएंगे और प्रभावी
बैठक का मुख्य केंद्र प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। निर्णय लिया गया कि:
प्रत्येक बूथ और पंचायत स्तर पर सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनने की व्यवस्था की जाएगी।
युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को इसकी विशेष जिम्मेदारी दी गई है।
इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेशों से जोड़ना है।
चुनावी रणनीति और सदस्यता अभियान पर मंथन
बैठक के दौरान आगामी चुनावी रणनीति, बूथ समितियों की सक्रियता, सदस्यता अभियान और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर भी गंभीर चर्चा हुई। अनुशासन और सक्रियता को संगठन की प्राथमिकता बताया गया।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवीन कुमार यादव, उदय शंकर उदय, पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सुराणा, जिला महामंत्री कृष्ण कुमार सेनानी, राजेश कुमार झा, राजेंद्र यादव, नगर अध्यक्ष संजय कुमार अकेला और जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
इसके अलावा महिला मोर्चा अध्यक्ष चाँदनी सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिव्यमूर्ति संदीप, किसान मोर्चा अध्यक्ष अश्विनी कुमार वर्मा सहित अररिया और जोकीहाट विधानसभा के प्रभारी, संयोजक और दो दर्जन से अधिक मंडलों के अध्यक्ष व सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।






















