अररिया (बिहार)
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर आज अररिया जिले के कुर्साकांटा प्रखंड अंतर्गत लक्ष्मीपुर पंचायत भवन में एक भव्य ‘संवाद एवं सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने शिरकत की और समाज के नवनिर्माण में पसीना बहाने वाले श्रमिक साथियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

श्रमिकों का पसीना ही विकास की असली पूंजी: सांसद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने श्रमिकों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “राष्ट्र निर्माण की असली आधारशिला हमारे श्रमिक भाई-बहन हैं। उनका परिश्रम, ईमानदारी और समर्पण ही भारत की विकास यात्रा को गति देता है। जितना सशक्त हमारा श्रमिक वर्ग होगा, उतना ही मजबूत हमारा देश और समाज होगा।”
उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि श्रमिकों का सम्मान केवल एक दिन की औपचारिकता नहीं है, बल्कि केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। सरकार श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार नई योजनाएं ला रही है।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान सांसद रेल प्रतिनिधि राजा मिश्रा, लक्ष्मीपुर के मुखिया मंचीत ततमा और प्रदीप यादव ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित “विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन – ग्रामीण” जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि कैसे ये योजनाएं श्रमिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

इनकी रही उपस्थिति
भाजपा सोशल मीडिया के जिला संयोजक नृपेन कुमार सिंह ने मंच का सफल संचालन किया। इस अवसर पर लक्ष्मीपुर के पंचायत समिति सदस्य नछद्र सादा, जिला महामंत्री आकाश राज, सरपंच रामजी सादा, विरेंद्र यादव, अमर यादव समेत पदाधिकारी आफरोज आलम, तोसिफ आलम, सतीश यादव, अनवर आलम और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिक साथी उपस्थित रहे।






















