फारबिसगंज (अररिया):
अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत रमई पंचायत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एकतरफा प्यार के जुनून में एक सनकी युवक ने 17 वर्षीय युवती की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
कमरे में सो रही थी चांदनी, तभी हुआ हमला
मृतिका की पहचान रमई पंचायत के घोराघाट वार्ड नंबर 1 निवासी मो. गयासुद्दीन की 17 वर्षीय पुत्री चांदनी खातून के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार की सुबह करीब 8:00 बजे चांदनी अपने कमरे में अपनी छोटी बहन के साथ लेटी हुई थी। इसी दौरान पड़ोस का ही रहने वाला युवक कासिफ उर्फ नन्हे अचानक कमरे में दाखिल हुआ और चांदनी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
चीख-पुकार से गूंजा मोहल्ला
गोली चलने की आवाज और छोटी बहन की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में खून से लथपथ चांदनी को अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया, जहाँ ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया।
आज ही आने वाले थे शादी के लिए मेहमान
स्थानीय लोगों और परिजनों के बीच इस बात की चर्चा है कि आरोपी युवक कासिफ चांदनी से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। हालांकि, चांदनी के परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर चुके थे। बताया जा रहा है कि आज यानी गुरुवार को ही चांदनी को देखने के लिए लड़के वाले आने वाले थे। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद से ही आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। फारबिसगंज पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। हालांकि, इस मामले पर अभी तक किसी भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।






















