अररिया, 30 अप्रैल
जिले के आरएस थाना क्षेत्र के कदवा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड संख्या 12 में मकई के खेत में घास काटने गई 25 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान हेना परवीन, पति असलम, निवासी कदवा गांव के रूप में हुई है।
घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, हेना परवीन सुबह करीब 11 बजे घास काटने खेत गई थी। कुछ देर बाद अपने दो वर्षीय बच्चे के रोने की सूचना पर वह घर लौटी, बच्चे को दूध पिलाया और फिर वापस खेत चली गई। इसी दौरान उसके साथ गई सौतन वहां से निकल गई थी।
करीब एक घंटे बाद जब हेना घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। खेत में पहुंचने पर उनका शव खून से लथपथ हालत में मिला, जिसका गला रेत दिया गया था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही आरएस थाना प्रभारी अंकुर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार तथा एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता अब्दुल ने बताया कि उनकी बेटी की निर्मम हत्या की गई है और उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गला रेतकर हत्या का प्रतीत होता है। हालांकि हत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सौतन समेत आसपास के लोगों से पूछताछ कर विभिन्न एंगल से जांच कर रही है।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।






















