अररिया:
समाज में दीमक की तरह फैल रही नशाखोरी की समस्या को जड़ से मिटाने के लिए अररिया के जागरूक युवाओं ने एक नई अलख जगाई है। जहाँ एक ओर प्रशासन “ऑपरेशन प्रहार” के जरिए नशा तस्करों पर नकेल कस रहा है, वहीं दूसरी ओर युवा अब्दुल बाशित और उनकी टीम ने नशे की गर्त में जा चुके लोगों को नई जिंदगी देने के लिए ‘नया सवेरा’ नशा मुक्ति केंद्र की शुरुआत की है।
विधिवत हुआ उद्घाटन
कोर्ट स्टेशन रोड, ब्लॉक के समीप स्थित ‘नया सवेरा वेलफेयर ट्रस्ट’ द्वारा संचालित इस केंद्र का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस दौरान युवाओं के इस प्रयास की चौतरफा सराहना की जा रही है।
इन नशीली लतों का होगा इलाज
केंद्र में आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और विशेषज्ञ परामर्श के माध्यम से हर प्रकार के नशे का उपचार किया जाएगा, जिसमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
स्मैक और ब्राउन शुगर
डेंड्राइट और व्हाइटनर
गांजा, भांग, चरस और अफीम
कोडीन युक्त कफ सिरप और नशीली गोलियां/इंजेक्शन
शराब की लत

सिर्फ इलाज नहीं, जीवन बदलने का संकल्प
संस्था के सदस्यों ने बताया कि नशा सिर्फ एक शारीरिक बीमारी नहीं है, बल्कि यह एक गंभीर मानसिक और सामाजिक चुनौती है। ट्रस्ट के अनुसार, यहाँ मरीजों की “जीवन शैली” में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया जाएगा ताकि वे समाज की मुख्यधारा में सम्मान के साथ लौट सकें।
“हमारा उद्देश्य अररिया को नशा मुक्त बनाना है। ‘नया सवेरा’ केवल एक केंद्र नहीं, बल्कि उन परिवारों के लिए उम्मीद की एक किरण है जिनके घर नशे के कारण उजड़ रहे हैं।” – बाशित (संस्थापक)
आम जन से अपील
नया सवेरा वेलफेयर ट्रस्ट ने जिले के तमाम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है, तो उसे इस केंद्र तक पहुँचाएं। आपकी एक पहल किसी का उजड़ता हुआ परिवार बचा सकती है।


















