सिकटी में पुलिस और SSB का संयुक्त ऑपरेशन; अंधेरे का फायदा उठाकर भागे अन्य आरोपी, पुलिस खंगाल रही नेटवर्क
अररिया।
अररिया जिले में नारकोटिक्स और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस कप्तान (SP) जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुलिस और एसएसबी (SSB) की संयुक्त टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने भारत-नेपाल सीमा से सटे सिकटी थाना क्षेत्र में तस्करी कर लाए जा रहे भारी मात्रा में गांजे के साथ एक तस्कर को दबोचा है।
गुप्त सूचना पर भोलानी गांव के पास घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी ने गुप्त सूचना के आधार पर भोलानी गांव के पास तस्करों को दबोचने के लिए जाल बिछाया। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस दौरान अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
21 बोरों में बंद था 630 किलो गांजा

पुलिस ने मौके से तस्करी कर नेपाल से लाया गया कुल 21 बोरा गांजा बरामद किया है, जिसका कुल वजन 630 किलोग्राम बताया जा रहा है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान मो० मुस्ताक के रूप में हुई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर इस पूरे इंटरनेशनल स्मगलिंग नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
13 नारकोटिक्स माफियाओं की संपत्ति होगी जब्त
अररिया पुलिस न सिर्फ तस्करों को पकड़ रही है, बल्कि इस धंधे के सिंडिकेट को भी ध्वस्त करने की तैयारी में है। पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के 13 बड़े नारकोटिक्स माफियाओं को चिन्हित किया गया है। इन सभी चिन्हित माफियाओं के खिलाफ जल्द ही पीट एनडीपीएस (PIT NDPS) एक्ट के तहत संपत्ति जब्त करने की कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों के नशा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।






















