अररिया: पैकपार पंचायत के सरपंच के घर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, पुलिस ने किया गिरफ्तार
अररिया। जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने भरगामा थाना क्षेत्र के पैकपार पंचायत के वर्तमान सरपंच के घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। मामले में आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
मद्य निषेध अधीक्षक निरंजन कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि पैकपार पंचायत के सरपंच राज कुमार मेहता, पिता स्व० सिंघेश्वर मेहता (साकिन- पैकपार, वार्ड नं0 10, थाना-भरगामा) अपने घर से बड़े पैमाने पर अवैध विदेशी शराब का भंडारण और बिक्री कर रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद अधीक्षक के निर्देश पर मद्यनिषेध थानाध्यक्ष शत्रुन्जय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इस टीम में अ०नि० शिवज्ञान कुमार, स०अ०नि० अनिल कुमार सिंह, स०अ०नि० चिंतामनी पासवान, मद्य निषेध सिपाही और गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।
घर के पीछे तिरपाल से ढकी मिली शराब
छापामारी दल ने रात करीब 10.00 बजे सरपंच के घर की घेराबंदी की और उसे हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान घर के पीछे खाली जगह पर तिरपाल से ढकी हुई भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई। बरामद शराब का विवरण इस प्रकार है:
Haywards 5000 Beer: 168 बोतल (कुल 84 लीटर)
Imperial Blue Whisky: 108 बोतल (कुल 81 लीटर)
कुल बरामदगी: 165 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर
आगे की कार्रवाई जारी
घटनास्थल पर ही सभी बरामद सामानों की विधिवत जप्ती सूची तैयार की गई। इसके बाद टीम आरोपी और जप्त शराब के साथ उत्पाद थाना, अररिया पहुंची। मद्यनिषेध विभाग के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त वर्तमान में पंचायत का सरपंच है। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






















