अररिया आरएस में भीषण अगलगी: दुकान, गोदाम और घर जलकर राख, लाखों की क्षति
अररिया।
शहर के आरएसके रेलवे गेट के निकट वार्ड संख्या-3 में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 1 बजे एक दुकान, गोदाम सह आवासीय मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गृहस्वामी विजय गुप्ता समेत परिवार के चार लोगों को जान बचाने के लिए पड़ोसी के छत पर कूदना पड़ा। इस दौरान परिवार के कुछ सदस्यों के कपड़े तक झुलस गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार सुबह आग पर काबू पाया जा सका।
गृहस्वामी विजय गुप्ता ने बताया कि सभी लोग घर में सो रहे थे। देर रात धुएं का एहसास होने पर जब नींद खुली तो नीचे स्थित दुकान और गोदाम में भीषण आग लगी हुई थी। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
अगलगी की इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान, बाइक सहित कई जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। वहीं घर के नीचे खड़ी कार का भी एक हिस्सा आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। गृहस्वामी के अनुसार इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये से अधिक के सामान राख हो गए एवं दो मंजिल मकान पुरी तरह झुलस गया
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।






















