मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक, सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा मोहर्रम
मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अररिया विनोद दूहन की अध्यक्षता में फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार भी उपस्थित थे।
बैठक में मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों, अखाड़ों तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित लोगों से जिलाधिकारी द्वारा सुझाव भी प्राप्त किए गए तथा सभी से आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि किसी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा असामाजिक गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी तथा विधि-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी सामाजिक एवं प्रबुद्ध जनों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सद्भाव का वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया गया। जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी समुदायों के सहयोग से मोहर्रम पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
आकर्षक पोस्टर बनाएं





















