अररिया।
अररिया आरएस थाना क्षेत्र के प्रेम नगर वार्ड संख्या-16 में एक 18 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शाज़दा परवीन (18 वर्ष), पति अबू नसर के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने मृतका की मां शाहिस्ता परवीन और उसके पति अबू नसर को गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शाज़दा परवीन की शादी करीब डेढ़ माह पूर्व हुई थी। आरोप है कि मृतका की मां शाहिस्ता परवीन ने ही अपनी बेटी की शादी अबू नसर से करवाई थी। घटना के बाद इलाके में यह चर्चा है कि मृतका अपनी मां और पति के कथित अवैध संबंधों का विरोध करती थी, जिस कारण उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
स्थानीय निवासी जियाकत हुसैन ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि युवती के साथ गोढ़ी चौक के पास मारपीट की गई थी। बाद में उसकी मां और पति उसे प्रेम नगर स्थित घर लेकर आए, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं एक अन्य स्थानीय व्यक्ति अबू ने आरोप लगाया कि युवती की शादी उसकी इच्छा के विरुद्ध करवाई गई थी और शादी के बाद वह अपनी मां एवं पति के संबंधों का विरोध कर रही थी।
मृतका के पिता मुदस्सीर घटना से सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के साथ गोढ़ी चौक के पास मारपीट की गई थी और बाद में उसे घर लाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
इस घटना पर कमलदाहा पंचायत के मुखिया मासूम अंजार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को शर्मसार करने वाली हैं और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
इधर, एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह प्रेम नगर वार्ड संख्या-16 में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया गया। साथ ही एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतका को पिछले दो दिनों से उसकी मां और पति द्वारा पारिवारिक विवाद के कारण प्रताड़ित एवं मारपीट की जा रही थी। मृतका के गले, हाथ और पैरों पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले में मृतका की मां शाहिस्ता परवीन और पति अबू नसर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।





















