अररिया।
अररिया नगर परिषद के स्थाई सशक्त समिति का चुनाव सौहार्दपूर्ण वातावरण में निर्विरोध संपन्न हो गया है। चुनाव की पूरी प्रक्रिया सदर एसडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी बलवीर दास की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।

निर्वाचन पदाधिकारी सह SDO अररिया बलवीर दास के अनुसार स्थाई सशक्त समिति के तीन पदों के लिए केवल तीन प्रत्याशियों—नीतू कुमारी, गज़ाला तहरीन और अबुल कलाम ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया था। तय समय सीमा के भीतर किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के कारण, निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा तीनों ही प्रत्याशियों को निर्विरोध स्थाई समिति का सदस्य घोषित कर दिया गया।
गंगा-जमुनी एकता की मिसाल :
जीत की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों और समर्थक पार्षदों में भारी उत्साह देखा गया। खुशी के इस मौके पर पार्षदों ने नगर परिषद कार्यालय से एक विजय जुलूस निकाला। यह जुलूस शहर के प्रसिद्ध काली मंदिर और ऐतिहासिक जमा मस्जिद पहुँचा, जहाँ लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। इस अनूठे प्रयास के माध्यम से पार्षदों ने शहर में ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ और आपसी सांप्रदायिक सौहार्द का एक मजबूत संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर परिषद क्षेत्र के कई मुख्य चेहरे और वार्ड पार्षद मौजूद रहे। मुख्य रूप से आबिद हुसैन अंसारी , नूर आलम उर्फ टीपू , मोहम्मद कलाम , कुर्बान आलम , दीपक झा डब्लू , शहनाज , देवोश्री घोष , राजू राम , तबस्सुम आरा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और नवनिर्वाचित स्थाई समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए नगर के विकास में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।






















