अररिया/सिकटी।
जिले के सिकटी थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा के समीप पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 263.7 लीटर नेपाली देसी शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा के नजदीक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने शराब से भरे कई प्लास्टिक के बोरे के साथ तीन व्यक्तियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपी सादा (26 वर्ष), पिता राजकुमार सादा, मिथलेश ऋषिदेव (35 वर्ष), पिता गुलाबचंद ऋषिदेव तथा आशीष कुमार मंडल, पिता दिनेश कुमार मंडल, सभी निवासी मुरारीपुर वार्ड संख्या-02, थाना सिकटी, जिला अररिया के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांड की नेपाली देसी शराब बरामद की। जब्त शराब में उमंगा, फाइटर ब्लैक, फाइटर प्रीमियम, रेशम लीची एवं करनाली ब्रांड की कुल 879 बोतल नेपाली देसी शराब शामिल है। सभी बोतलें 300 एमएल क्षमता की हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 263.700 लीटर है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि शराब को नेपाल से तस्करी कर बिहार में खपाने की तैयारी थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।






















