- अररिया में जन सुराज पार्टी ने जिला संगठन के पुनर्गठन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती और प्रदेश महासचिव सुभाष कुशवाहा विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्टी ने चुनाव के बाद संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से नई टीम का गठन किया है।
नई घोषणा के तहत देव राज साह को अररिया जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि महासचिव पद पर रंजीत कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है। पार्टी ने दो मुख्य प्रवक्ताओं की भी घोषणा की है, जिनमें कुमुद रंजन को जिला मुख्य प्रवक्ता और आलिया सबा को जिला महिला मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है।

इसके अलावा अनिल सिंह को कोषाध्यक्ष सह कार्यालय प्रभारी, आरती कुमारी को महिला अध्यक्ष, मेराज हसन को युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष और सौरव कुमार सुमन को किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी विश्वबंधु रविंद्र नाथ, व्यवसायिक प्रकोष्ठ की कमान कलानंद बरनवाल और ओबीसी प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी राजा इंद्रजीत गुप्ता को दी गई है।
जिला अध्यक्ष देव राज साह ने कहा कि पार्टी अब नए रूप में दिखाई देगी देगी और संगठन पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक सक्रिय रूप से काम करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य बिहार में बेरोजगारी कम करना और शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना है।
मुख्य प्रवक्ता कुमुद रंजन ने स्वीकार किया कि पहले संगठन में कुछ कमियां थीं, लेकिन अब पार्टी सीधे गांव और पंचायत स्तर पर काम शुरू करेगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि अररिया की 14 सदस्यीय टीम अगले एक महीने में 220 लोगों की कार्यकारिणी तैयार करेगी। पार्टी का लक्ष्य अगले छह महीनों में हर वार्ड, हर बूथ और हर गांव तक पहुंच बनाना है, ताकि आगामी पंचायती राज चुनावों में मजबूत और ईमानदार नेतृत्व तैयार किया जा सके।
इसके साथ ही पार्टी ने जिला सलाहकार समिति की भी घोषणा की है, जिसमें मो. एहसान, हीरा झा, अब्दुल सुब्हान, मनोज कुमार और मनोज कुमार यादव सहित कई लोगों को शामिल किया गया है।
जन सुराज पार्टी का दावा है कि यह पुनर्गठन बिहार में बदलाव की नई शुरुआत साबित होगा।






















