अररिया पुलिस को मिली बड़ी सफलता
महलगांव थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर महलगांव थाना अंतर्गत पेचैली गांव में छापेमारी की गई, जहां पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की। हालांकि मौके से तीन आरोपियों को दबोच लिया गया, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार, ब्रजानंद कुमार और करण कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके ठिकाने से 17 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
इसके अलावा 2 लैपटॉप, 4 मोबाइल फोन, फिंगरप्रिंट डिवाइस, ओटीजी, यूएसबी डिवाइस, बैंक पासबुक, चेकबुक और भारी मात्रा में फर्जी आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह फर्जी आधार और बायोमेट्रिक तकनीक के जरिए आम लोगों के बैंक खातों से अवैध निकासी करता था।
फिलहाल साइबर थाना अररिया में मामला दर्ज कर पुलिस फरार मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
अररिया पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।






















