अररिया
पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स मीट में अररिया फिजिकल अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। सीमांचल क्षेत्र के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच हुए इस मुकाबले में अकादमी ने कुल 42 पदक अपने नाम किए।
-
अकादमी के खिलाड़ियों ने 19 गोल्ड, 18 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों ने 60 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, 1000 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के साथ-साथ लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप, शॉट पुट, हैमर थ्रो और डिस्कस थ्रो जैसी स्पर्धाओं में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में अररिया कॉलेज स्टेडियम स्थित अररिया फिजिकल अकादमी में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कोच शहंशाह आलम और उनके सहयोगी गणेश कुमार दिवाकर, रेनू कुमारी और गोपाल कुमार को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी, पीटीआई नौसाद, केवी क्लासेज़ के विवेक, डॉ. नीलेश भूषण समेत कई गणमान्य अतिथि एवं पत्रकार उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
डॉ. नीलेश भूषण ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और प्रशिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है।






















