अररिया, 17 जुलाई।
बिहार सरकार के “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 62 मामलों की सुनवाई की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए और पात्र आवेदकों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
जनता दरबार में लीला देवी ने सड़क दुर्घटना में पति की मौत के बाद मुआवजा दिलाने की मांग की। छोटी कुमारी ने पति एवं ससुराल पक्ष पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। वहीं प्रीति कुमारी ने अनुकंपा के आधार पर जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान आवंटित करने का अनुरोध किया।
ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा अरविंद कुमार यादव ने फर्जी केवाला के आधार पर वाद दायर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मनोहर यादव ने अपनी आवासीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की, जबकि नौशाद आलम ने दबंगों द्वारा निजी जमीन से बेदखल करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
जनता दरबार में अखिलेश कुमार ने फारबिसगंज प्रखंड की मुसहरी पंचायत स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन में अनियमितता की शिकायत की। वहीं राजकुमार झा ने अपनी निजी जमीन से होकर पंचायत सरकार भवन तक जबरन सड़क निर्माण कराए जाने का मामला उठाया। झुबर तात्मा ने 15वें वित्त आयोग योजना के तहत पीसीसी सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने की शिकायत दर्ज कराई।

डीएम ने सभी मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।




















