अररिया, 7 जून।
बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सह अररिया जिला प्रभारी मंत्री डॉ. राम चंद्र प्रसाद ने रविवार को मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के तहत मत्स्य परिवहन वाहन योजना के अंतर्गत छह लाभुकों को थ्री-व्हीलर आइस बॉक्स युक्त वाहनों की चाबी सौंपकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास , जिला पदाधिकारी विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे।
लाभुकों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं की आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आइस बॉक्स युक्त वाहनों के माध्यम से मछलियों का सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण परिवहन संभव होगा, जिससे मत्स्य व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और लाभुकों की आय में वृद्धि होगी।
मंत्री ने बताया कि योजना के तहत एक वाहन की इकाई लागत तीन लाख रुपये निर्धारित है, जिस पर लाभुकों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। योजना का लाभ मत्स्य विक्रेताओं एवं मछुआ समुदाय के पात्र लाभुकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
विभागीय लक्ष्य के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अररिया जिले को कुल नौ वाहनों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। इनमें से तीन लाभुकों को पूर्व में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जबकि शेष छह लाभुकों को रविवार को वाहन प्रदान किया गया।

वाहन प्राप्त करने वाले लाभुकों में सिकटी के भवेश मंडल, कुर्साकांटा की मानकी देवी, जोकीहाट के राज कुमार चौधरी, भरगामा की मुन्नी देवी, फॉरबिसगंज के गुरुदेव सिंह तथा पलासी के जुलकर नैन शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना मत्स्य व्यवसाय के आधुनिकीकरण तथा आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





















