अररिया।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर मद्यनिषेध व उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने अररिया-फारबिसगंज फोरलेन पर हरियाबारा टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर एक स्कॉर्पियो से 180 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
मद्य निषेध अधीक्षक निरंजन कुमार झा को सूचना मिली थी कि किशनगंज से फारबिसगंज की ओर फोरलेन के रास्ते विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सअनि रंजीत कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसमें अनि पूजा कुमारी सहित मद्य निषेध सिपाही व गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।
घेराबंदी कर पकड़ी गई गाड़ी
टीम ने सुबह करीब 09:10 बजे हरियाबारा टोल प्लाजा के पास मोर्चा संभाला। सुबह 09:40 बजे गोढ़ी चौक की ओर से आ रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो को जब रोकने का इशारा किया गया, तो चालक ने गाड़ी घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
डिक्की और सीट के नीचे छिपा रखी थी शराब
वाहन की तलाशी के दौरान डिक्की और पिछली सीट के नीचे से 750 एमएल की कुल 240 बोतलें (180 लीटर) बरामद हुईं। गिरफ्तार चालक की पहचान समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवतपुर निवासी पप्पू कुमार (पिता- सुरेंद्र राय) के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने तस्करी की बात स्वीकार कर ली है।






















